रेत माफिया के पत्थर से बचने वन टीम ने की फायरिंग

सीधी:सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य क्षेत्र के भेलकी घाट में बीती रात रेत के अवैध उत्खनन में लगे ट्रैक्टरों के पकडऩे जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो रेत माफिया द्वारा पत्थर बरसाने शुरू कर दिए गए। बचाव में वन टीम को बंदूक से हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जिसके बाद रेत माफिया मौके पर से भाग खड़े हुए। वन टीम द्वारा घटनास्थल से चार ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है। जिनके राजसात की कार्रवाई की जा रही है। सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी के परिक्षेत्राधिकारी मनीराम धुर्वे के अनुसार संजय टाईगर रिजर्व सीधी के उप संचालक राजेश कन्ना टी के निर्देशन में अधीक्षक सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन एवं परिक्षेत्र अधिकारी सीधी के हमराह परिक्षेत्र सहायक सिहावल संजीव कुमार सोनकर की अगुवाई में वन अमला की गठित टीम द्वारा दिनांक 26-27 मई 2026 की दरम्यानी रात प्रतिबंधित क्षेत्र सोन नदी की रात में गस्त की जा रही थी।

गस्त के दौरान बीट कुर्रवाह अंतर्गत भेलकी घाट सोन नदी से कुछ वाहनों से अवैध रेत उत्खनन/परिवहन किए जाने की सूचना मुखविर से मिली। मोबाइल पर सूचना मिलने पर अधीक्षक सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में वाहनों से वन अमला टीम भेलकी घाट पहुंची। यहां चार ट्रैक्टर ट्राली में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन के लिए रेता लोड किया जाता था। वन टीम को आते देखकर सभी ट्रैक्टर चालक रेता को अनलोड कर भागने का प्रयास किए। किंतु रास्ते में वन टीम के मौजूद होने से सभी चालक भाग खड़े हुए। इसके बाद वन टीम द्वारा ट्रैक्टरों को जप्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। उसी दौरान रेत माफिया के लोग मौके पर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दिए। जिससे वाहन का कांच टूट गया। तब आत्मरक्षा में वरिष्ट अधिकारी से अनुमति लेकर हवाईफायर किया गया। जिसके बाद रेत माफिया के लोग भाग खड़े हुए। घटना से पुलिस थाना जमोड़ी को भी सूचित किया गया। भेलकी घाट में पुलिस अमला एवं अन्य अतिरिक्त वन अमला मौके पर पहुंचा।
इन धाराओं में अपराध पंजीबद्ध –
सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य द्वारा इस मामले में चार ट्रैक्टरों को जप्त कर विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 39(डी), 51 भारतीय वन अधिनियम 2, 41 एवं 52 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 537/17 दिनांक 27 मई 2026, क्रमांक 537/18 दिनांक 27 मई 2026, क्रमांक 537/19 दिनांक 27 मई 2026 एवं क्रमांक 537/20 दिनांक 27 मई 2026 को पंजीबद्ध कर विभागीय वाहन चालक से जप्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना जमोड़ी को सुपुर्द किया गया। जप्तशुदा वाहनों के विरुद्ध राजसात कार्रवाई प्रस्तावित कर न्यायालय में सूचना देने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन टीम में ये रहे शामिल –
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम में वनरक्षक रमेश कुमार सोनकर, सुरेश चंद्र तिवारी, सर्वेश कुमार मिश्रा, शेरबहादुर पटेल एवं सुरक्षा श्रमिक जगदीश सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वाहनों को सुरक्षार्थ पुलिस थाना जमोड़ी तक पहुंचाने में परिक्षेत्र सहायक कठौतहा कमलापति त्रिपाठी, वन रक्षक वेद प्रकाश शुक्ला, संजय कुमार सिंह, विनीत मिश्रा एवं वाहन चालक श्रमिक रामशिरोमणि पाल, विनय सिंह, सुरक्षा श्रमिक दीपेन्द्र सिंह, देवराज सिंह एवं जमोड़ी का सराहनीय सहयोग रहा है।

Next Post

मलेशिया कराटे चैंपियनशिप में दमोह की बेटी नियति ने बढ़ाया देश का मान

Thu May 28 , 2026
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मलेशिया कराटे चैंपियनशिप की अंडर-14 श्रेणी में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाली दमोह की प्रतिभाशाली खिलाड़ी नियति दीक्षित से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर हेमंत […]

You May Like