
छतरपुर।ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बंदीकला में दबंगों द्वारा एक गरीब परिवार के साथ की गई मारपीट और घर जलाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सुंदर कुशवाहा ने सोमवार, 21 जुलाई को दोपहर 1 बजे छतरपुर एसपी ऑफिस पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि गांव के दबंग मन्नू काछी, भाइयों काछी, लखन और हरि ने उनके परिवार पर हमला किया, जान से मारने की धमकी दी और उनका घर भी जला दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस घटना की शिकायत ईसानगर थाने में की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का बयान:
सुंदर कुशवाहा ने बताया, “हमारे घर पर हमला हुआ, मारपीट की गई, और घर में आग लगा दी गई। हमारा बेटा भी दोपहर 3 बजे से लापता है। हमने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हमें डर है कि दबंग हमें या हमारे परिवार को जान से मार सकते हैं। हम चाहते हैं कि प्रशासन हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने एसपी ऑफिस में दिए आवेदन के माध्यम से गुहार लगाई है कि उनके साथ हुए अत्याचार को गंभीरता से लिया जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है।
