दिल्ली में चलाए गए एक संयुक्त अभियान में केसीपी सरगना गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के शीर्ष कमांडर और कथित मास्टरमाइंड हाओबिजाम दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में उसकी उपस्थिति के बारे में विशिष्ट खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली में चलाए गए एक उच्च जोखिम वाले संयुक्त अभियान के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। जांचकर्ताओं का मानना है कि दिलीप सिंह एक गुप्त मिशन पर राजधानी में था। वह लंबे समय से उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्त था और उस पर संगठन के संचालन तथा विभिन्न आपराधिक साजिशों में शामिल होने के आरोप हैं।

सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। केसीपी मणिपुर में उग्रवादी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल एक प्रतिबंधित विद्रोही संगठन है। सुरक्षा अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को विद्रोही नेटवर्क और उनके संचालन पर अंकुश लगाने के चल रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, मास्टरमाइंड दिलीप ने संगठन की गतिविधियों, परिचालन संरचना और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। एजेंसियां अब हथियार आपूर्ति मार्गों, वित्तपोषण चैनलों और स्लीपर सेल से संबंधित संभावित कड़ियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने संकेत दिया कि जांच के दौरान प्राप्त सुरागों के आधार पर आगे और छापे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। प्रतिबंधित संगठन से जुड़े व्यापक नेटवर्क की पहचान और उसे नष्ट करने के प्रयास जारी हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

 

.....

Next Post

मोदी 21 जून को कोलकाता में आयोजित मुख्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हो सकते हैं शामिल

Thu May 28 , 2026
कोलकाता, 28 मई (वार्ता) केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 जून को कोलकाता में आयोजित होने वाले मुख्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं। इस वर्ष का प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम इसी शहर में आयोजित किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में भारतीय […]

You May Like