धर्मशाला, 27 मई (वार्ता) क्वालिफ़ायर-1 एकतरफ़ा मुक़ाबला रहा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 92 रन से रौंदकर आईपीएल 2026 के फ़ाइनल का टिकट हासिल कर लिया। लेकिन मुक़ाबले के भीतर चल रही लड़ाइयों, ख़ासकर ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में काफी रोमांच देखने को मिला।
पर्पल कैप लीडरबोर्ड
भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा इस मैच की शुरुआत लीग में सर्वाधिक 24-24 विकेट के साथ कर रहे थे। मुक़ाबला ख़त्म होने तक दोनों के ख़ाते में 26-26 विकेट हो गए।
रबाडा ने पहले वार किया। उन्होंने दूसरे ओवर में वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया और बाद में 17वें ओवर में क्रुणाल पंड्या को भी आउट किया। हालांकि, यह रात उनके लिए ज्यादा सुखद नहीं रही क्योंकि वह जीटी के सबसे महंगे गेंदबाज़ों में से एक रहे। उन्होंने चार ओवर में 54 रन दिए और उनकी इकॉनमी 13.50 रही।
भुवनेश्वर का दिन इससे कहीं बेहतर रहा। शुभमन गिल चौथे ओवर में उनका शिकार बने और फिर 19वें ओवर में उन्होंने राहुल तेवतिया को आउट कर 2/28 के आंकड़े के साथ मैच को ख़त्म किया।
दोनों गेंदबाज़ों की इकॉनमी में अंतर कोई चौंकाने वाली बात नहीं थी। इस सीज़न में भुवनेश्वर ने 8.00 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जबकि रबाडा की इकॉनमी 9.48 रही है। यही वजह है कि पर्पल कैप अभी भी भुवनेश्वर के सिर पर है।
बाक़ी गेंदबाज़ों में, जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में विराट कोहली और देवदत्त पड़िक्कल को आउट कर दो विकेट लिए। इसके साथ ही वह सिर्फ़ नौ मैचों में इस सीज़न में 15 विकेट तक पहुंच गए और फ़िलहाल 12वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं आरसीबी के तेज गेंदबाज़ रसिख़ सलाम का भी दिन अच्छा रहा। उन्होंने 24 रन देकर 2 विकेट लिए और अब उनके ख़ाते में 16 विकेट हो गए हैं, जिससे वह 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड
जीटी के सलामी बल्लेबाज़ों साई सुदर्शन और शुभमन गिल के लिए यह दिन यादग़ार नहीं रहा। दोनों ने क्रमशः 14 और 2 रन बनाए, लेकिन पूरे सीजन में उनके शानदार प्रदर्शन के कारण वे अभी भी तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं। साई सुदर्शन 652 रन के साथ नंबर एक, जबकि गिल 618 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
कोहली ने आरसीबी को 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में 25 गेंदों पर 43 रन की अहम पारी खेली। इसके साथ उनके इस सीज़न कुल रन 600 हो गए और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के केएल राहुल को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया। उनके और शीर्ष दो बल्लेबाज़ों के बीच हेनरिक क्लासेन (सनराइज़र्स हैदराबाद) हैं।
जॉस बटलर ने 11 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली और वह सीज़न में 498 रनों तक पहुंच गए। वहीं मैच के स्टार रजत पाटीदार ने 33 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाए और वह अब 486 रनों के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
