
खुरई। पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के विशेष दिशा निर्देशों के परिपालन में नगर पालिका परिषद खुरई द्वारा भीषण गर्मी के दौरान नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु सतत रूप से व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
नगर में जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे तथा किसी भी वार्ड में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी सक्रियता एवं गंभीरता के साथ मैदानी स्तर पर कार्य कर रहा है।
इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश मेहतेले द्वारा बीना नदी स्थित इंटेकवेल एवं जल संचय स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अविनाश रावत, उपयंत्री शैलेंद्र सिंह एवं जल प्रदाय प्रभारी रामगोपाल अहिरवार भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों द्वारा जलस्तर, मोटर-पंप संचालन, पाइपलाइन व्यवस्था एवं जल संग्रहण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं सुचारु रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
सीएमओ राजेश मेहतेले ने कहा कि नगरवासियों को गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पालिका परिषद खुरई पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जल प्रदाय व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त नगर में संचालित प्याऊ एवं निःशुल्क शीतल पेयजल केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया, जहां आमजन एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
नगर पालिका परिषद खुरई द्वारा आमजन की सुविधा, राहत एवं बेहतर नागरिक सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल प्रदाय व्यवस्था को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास जारी है।
