
भोपाल। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर 27 मई को जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सुबह 10.30 बजे रोशनपुरा चौराहे स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय इंदिरा भवन स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में दूसरा कार्यक्रम आयोजित होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का स्वतंत्र भारत के निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तथा आधुनिक भारत की नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
