मुंबई, 25 मई (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को अच्छी तेजी रही और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,073.61 अंक (1.42 प्रतिशत) उछलकर 76,488.96 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत चढ़कर 24,031.70 अंक पर बंद हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में प्रगति के बाद निवेश धारणा मजबूत हुई है। वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.99 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.37 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियलटी, रसायन, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर करीब तीन प्रतिशत चढ़ गया। एलएंडटी और एचडीएफसी बैंक के शेयर ढाई प्रतिशत ऊपर बंद हुए। इटरनल, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी दो से ढाई प्रतिशत तक चढ़े। एक्सिस बैंक, टाइटन, मारुति सुजुकी, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, बीईएल और टेक महिंद्रा के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच मजबूत हुए। अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयर भी हरे निशान में रहे। इंफोसिस और टीसीएस में गिरावट रही।

