डिंडोरी: जिले के बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत करौंदा गांव में रविवार को पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहा।
एक हफ्ते से बंद है सप्लाई
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि गांव में नल जल योजना चल रही है, इसके बावजूद पिछले एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद है। पानी के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि सुबह और शाम का ज्यादातर समय पानी की व्यवस्था करने में निकल रहा है।
नया नलकूप लगाने का आश्वासन
मौके पर पहुंचे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपखंड अधिकारी प्रमोद उपाध्याय ने बताया कि सरपंच गंगाराम मरावी की ओर से नए नलकूप की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यांत्रिक शाखा की खुदाई मशीन खराब होने के कारण नया नलकूप नहीं खोदा जा सका। उपखंड अधिकारी ने महिलाओं को एक सप्ताह के भीतर नया नलकूप लगाने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि नए नलकूप की खुदाई के लिए सरपंच से प्रस्ताव मांगा गया था, लेकिन अब तक विभाग को प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।
आठ महीने से चल रही नल जल योजना
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुसार गांव में नल जल योजना पिछले आठ महीने से संचालित है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि योजना होने के बावजूद उन्हें नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे परेशानी लगातार बढ़ रही है।
एसडीओ बोले-ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
एसडीओ प्रमोद उपाध्याय ने बताया कि डगवेल का वाटर लेवल डाउन हो जाने के कारण मोटर पंप जल गई। इसकी जानकारी ऑपरेटर ने ठेकेदार को दी थी, पर ठेकेदार रवि यादव ने ध्यान नहीं दिया। इसकी वजह से पेयजल संकट पैदा हुआ है। दरअसल, नल जल योजना ट्रायल रन पर हैं, जिसकी जिम्मेदारी ठेकेदार की है।
