शिवपुरी: दिनारा क्षेत्र के पिछोर तिराहे स्थित अशोक होटल के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब खेत में भरे पानी और दलदल में एक भैंस का बछड़ा फंस गया। जानकारी के अनुसार तेज गर्मी के कारण खेतों में भरे पानी में भैंस और उसका बछड़ा पानी पीने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक बछड़ा भैंस के सींग में उलझ गया और दलदल में बुरी तरह फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवक कल्लू महाराज तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे तक लगातार मेहनत कर बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला। दलदल काफी गहरा होने के कारण भैंस और बछड़े दोनों की जान पर खतरा मंडरा रहा था। समय रहते राहत कार्य होने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। गौ सेवक कल्लू महाराज ने बताया कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं को पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
किसान भाई अच्छी भावना से खेतों में पानी भर देते हैं ताकि जानवर अपनी प्यास बुझा सकें, लेकिन कई बार अधिक पानी और दलदल जानलेवा साबित हो जाता है। उन्होंने कहा कि खेतों में गहरे दलदल बनने से पशु फंस जाते हैं और उनकी जान तक जा सकती है।कल्लू महाराज ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें, लेकिन ऐसी जगह करें जहां जमीन मजबूत और सुरक्षित हो।
