भिण्ड में फल मण्डी व्यापारी ने की खाद्य सुरक्षा अधिकारी से अभद्रता, पुलिस जांच में जुटी

भिण्ड: मध्य प्रदेश के भिण्ड शहर की फल मंडी में शुक्रवार शाम जांच करने पहुंचीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल के साथ एक फल कारोबारी द्वारा अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान कारोबारी बिना लाइसेंस करोड़ों रुपए का कारोबार संचालित करता मिला। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई है।शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार सुश्री बंसल फल मंडी क्षेत्र में आम, केला और अंगूर कारोबारियों के गोदामों की जांच करने पहुंची थीं।

इस दौरान टीम ने कारोबार से संबंधित दस्तावेज और ,खाद्य लाइसेंस की जानकारी ली। जांच के दौरान टीम सिद्ध बाबा फल सप्लायर के संचालक अरविंद रत्नाकर के गोदाम पहुंची। जब अधिकारी ने गोदाम की जांच और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे तो कारोबारी भड़क गया। आरोप है कि कारोबारी ने महिला अधिकारी से कहा कि वह वर्षों से करोड़ों रुपए का कारोबार बिना लाइसेंस के कर रहा है और आज तक किसी अधिकारी की यहां आने की हिम्मत नहीं हुई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी के समझाने के बावजूद कारोबारी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। उसने कथित रूप से यह भी कहा कि उसकी पहुंच ऊंचे स्तर तक है और वह एक मिनट में ट्रांसफर तक करवा सकता है। सुश्री बंसल ने बताया कि कारोबारी लगातार गाली-गलौज करता रहा। जब बिना लाइसेंस कारोबार मिलने पर गोदाम सील करने की कार्रवाई की बात कही गई तो वह झगड़े पर उतारू हो गया।

पूछताछ के दौरान कारोबारी ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए सालाना सात करोड़ रुपए से अधिक कारोबार होने की बात भी कही। स्थिति बिगड़ती देख महिला अधिकारी वहां से लौट आईं और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत आवेदन दिया।खाद्य सुरक्षा अधिकारी बंसल ने बताया कि मामले की शिकायत कलेक्टर से भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और बिना लाइसेंस कारोबार संचालित करने को लेकर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

Next Post

भारतीय सहकारी गृह निर्माण समिति के सचिव धन शोधन के मामले में गिरफ्तार

Sat May 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 मई (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारतीय सहकारी गृह निर्माण समिति के सचिव अजय सहगल को धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया है। ईडी अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहगल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। यह मामला पंजाब सरकार […]

You May Like