शिवपुरी:शिवपुरी के माधव राष्ट्रीय उद्यान के सब रेंज पूर्व क्षेत्र अंतर्गत टाइगर रिजर्व इलाके में स्थित विस्थापित ग्राम गतवाया से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां स्थित प्राचीन महाभारतकालीन बताए जा रहे हसनी माता मंदिर को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के नीचे दबे कथित सोना-चांदी के जखीरे को निकालने के उद्देश्य से यह खुदाई कराई गई।
मंदिर विशाल पत्थर की मोटी-मोटी शिलाओं से निर्मित था और गांव के विस्थापन से पहले यहां नियमित पूजा-अर्चना होती थी। ग्रामीणों की आस्था इस मंदिर से गहराई से जुड़ी हुई थी। आरोप यह भी है कि क्षेत्र के बीट गार्ड द्वारा जेसीबी मशीन बुलाकर मंदिर की संरचना को क्षतिग्रस्त कराया गया। मंदिर परिसर में गहरा गड्ढा खोदे जाने और बाद में उसे बंद किए जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो प्राचीन धरोहर को नुकसान पहुंचाने और अवैध खुदाई से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
