नई दिल्ली। भारत की अपतटीय स्थापनाओं और महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 21 मई 2026 को अहमदाबाद में ऑफशोर सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी (OSCC) की 138वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परमेश शिवमणि, महानिदेशक भारतीय तटरक्षक बल ने की।
बैठक में भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, डीजी शिपिंग, इंटेलिजेंस ब्यूरो, ओएनजीसी तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में बदलते वैश्विक एवं क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य, ड्रोन एवं मानवरहित प्रणालियों से उत्पन्न नए खतरों तथा अंडमान एवं निकोबार क्षेत्र में बढ़ती अपतटीय खोज गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
समिति ने समुद्री क्षेत्र जागरूकता, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, निगरानी क्षमता और संयुक्त प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया, ताकि उभरती अपतटीय सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
