
गुना: जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर क्रिटिकल केयर यूनिट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण आज एक बार फिर मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह है कि गंभीर और दिव्यांग मरीजों के लिए अस्पताल में एक व्हील चेयर तक नसीब नहीं हो पा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाट मोहल्ला निवासी रानी बैरागी अपने दिव्यांग भाई को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आई थी। भाई की स्थिति को देखते हुए उसे व्हील चेयर की सख्त जरूरत थी। रानी जब क्रिटिकल केयर यूनिट में व्हील चेयर लेने पहुंची, तो वहां स्टाफ द्वारा उसे व्हील चेयर उपलब्ध कराने के बजाय पुरानी बिल्डिंग में जाकर देखने की सलाह दे दी गई।
अपने दिव्यांग भाई को छोड़कर रानी बैरागी जब जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की तरफ जा रही थी, तभी नई बिल्डिंग के रैम्प पर अचानक उसका पैर स्लिप हो गया। रैम्प पर पैर फिसलने से वह बुरी तरह गिर गई और उसे चोटें आई हैं।
