नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) ऑटो और बैंकिंग कंपनियों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती कारोबार से उबरते हुए अंत में बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 117.54 अंक (0.16 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 75,318.39 अंक पर पहुंच गया। बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव रहा। बीच कारोबार में सेंसेक्स नीचे 74,529 अंक और ऊपर 75,406 अंक तक गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत चढ़कर 23,659 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार भी बाद में हरे निशान में चला गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। तेल एवं गैस, ऑटो, बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में तेजी रही जबकि मीडिया, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर दबाव में रहे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में पौने तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। बजाज फिनसर्व और ट्रेंट के शेयर भी एक फीसदी से ज्यादा चढ़े। इंडिगो, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड और एशियन पेंट्स के शेयर भी ऊपर रहे। बीईएल में करीब सवा दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी। टेक महिंद्रा, इटरनल, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी टूट गये।

