जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का है महत्वपूर्ण माध्यम: विकास

सीधी। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 457 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है इसलिए प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनके लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्त जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आवेदनों के निराकरण की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें और प्रतिदिन अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। विशेष रूप से सीमांकन से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता को समझते हुए समय-सीमा में संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और सीईओ जनपद पंचायत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे, जिससे विभिन्न स्तरों पर प्राप्त शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

साइकिल से जन सुनवाई में पहुंचे कलेक्टर

लोगों को आज कलेक्ट्रेट से लेकर जिला पंचायत तक सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा का नया अंदाज देखने को मिला। कलेक्टर साइकिल को चलाते हुए कलेक्ट्रेट से जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और वहां जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए। आमतौर पर प्रशासनिक अधिकारी सरकारी गाडिय़ों के काफिले के साथ आते हैं लेकिन सीधी कलेक्टर का यह कदम सादगी और जनहित के प्रति उनकी संवेदनशील सोच को दर्शाता हैे। कलेक्टर के अचानक साइकिल चलाते हुए जिला पंचायत कार्यालय परिसर में दाखिल होते ही वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। अधिकारी हो या कर्मचारी, आम नागरिक हो या जन प्रतिनिधि सबके लिए यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया। किसी ने मोबाइल में कलेक्टर को साइकल चलाते हुए वीडियो बनाया तो किसी ने फोटो लेकर इस दृश्य को सोशल मीडिया पर साझा किया। देखते ही देखते यह खबर पूरे जिले में फैल गई।

Next Post

दमोह पुलिस की नई पहल,अब सभी थानों का लिया जाएगा फीडबैक

Tue May 19 , 2026
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के द्वारा इंदौर की तरह ही दमोह में भी आवेदकों की समस्या के समाधान के लिए फीडबैक फॉर्म जैसी नई पहल की शुरुआत की है. इसमें फरियादियों से ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भरवाया जाएगा, ताकि वह थाने में हुए उनके साथ व्यवहार की पूरी जानकारी इस […]

You May Like