मुंबई, 18 मई (वार्ता) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गुणवीर सिंह को नया कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है।
केंद्रीय बैंक ने सोमवार को बताया कि श्री सिंह की नियुक्ति आज से ही प्रभावी हो गयी है। इससे पहले वह आरबीआई में भुगतान एवं निपटान प्रणाली विभाग में प्रभारी मुख्य महानिदेशक के पद पर तैनात थे।
कार्यकारी निदेशक के तौर पर उन्हें भुगतान एवं निपटान प्रणाली विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
श्री सिंह तीन दशक से अधिक समय से आरबीआई में कार्यरत हैं। इस दौरान वह भुगतान एवं निपटान प्रणाली, बैंकिंग एवं गैर-बैंकिंग निरीक्षण, जोखिम निगरानी, सरकारी बैंकिंग तथा अन्य क्षेत्रों में अपना योगदान दे चुके हैं।
उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ ओमान में भुगतान प्रणाली के विशेषज्ञ के रूप में भी काम किया है। उनके पास चार्टर्ड अकाउंटेंट और कॉस्ट एंड वर्क्स अकाउंटेंट की डिग्री है।
