दतिया: दतिया विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव में राजेंद्र भारती के बेटे कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। राजनीतिक गलियारों के अनुसार, राजेंद्र भारती दिल्ली में अपने बेटे के साथ लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिले हैं। इस मुलाकात के बाद से ही दतिया सीट से उनके बेटे को चुनावी मैदान में उतारने की अटकलें बेहद तेज हो गई हैं।
राजेंद्र भारती ने अपनी सजा के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी, लेकिन कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 29 जुलाई तय कर दी है और उन्हें फिलहाल कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। इसी वजह से दतिया सीट को रिक्त घोषित कर उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कोर्ट से राहत न मिलने के बाद राजेंद्र भारती अपने बेटे के साथ दिल्ली पहुंचे और कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व व राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसे उनके बेटे की राजनीतिक लॉन्चिंग और टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को शिकस्त दी थी। यदि उपचुनाव होते हैं, तो भाजपा की ओर से दोबारा नरोत्तम मिश्रा के मैदान में उतरने की संभावना है, जिससे मुकाबला एक बार फिर बेहद दिलचस्प हो जाएगा।दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सहकारी बैंक धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में राजेंद्र भारती को 3 साल की सजा सुनाए जाने के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी है। जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत सजा मिलने के कारण वे खुद चुनाव लड़ने के योग्य नहीं रह गए हैं, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव की स्थिति बन गई है
