जबलपुर : रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से पिछड़ गई है। पहले विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 4 मई से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया जा रहा था। इसके लिए काफी समय से तैयारियां भी चल रही थीं, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही के चलते 15 मई तक भी प्रवेश पोर्टल नहीं खोला जा सका। लेकिन अब नए शेड्यूल के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब 18 मई से प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने का नया दावा किया है। प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र इस तारीख से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इसके साथ ही सभी शैक्षणिक विभागों को 15 से 17 मई तक हर हाल में अपने प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
दस्तावेजों का होगा सत्यापन
पूर्व में हुई लेती-लतीफी की वजह से विभिन्न शैक्षणिक विभागों के प्रोफाइल तक समय पर अपडेट नहीं हो पाए। इस स्थिति को देखते हुए अब प्रशासन को पुराना शेड्यूल बदलकर नया टाइम टेबल जारी करना पड़ा है। ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 मई से 1 जून तक दस्तावेजों के सत्यापन यानी वेरिफिकेशन का कार्य चलेगा। इसके बाद 3 जून को सीटों का आवंटन किया जाएगा। सीट आवंटन की सूची जारी होने के बाद छात्रों को दाखिला पक्का करने का मौका मिलेगा। जिन विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की जाएंगी, वे 3 जून से 6 जून तक अपनी ऑनलाइन एडमिशन फीस जमा कर सकेंगे।
