विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन कीआमसभा, कर्मचारियों के हितों पर हुई चर्चा

जबलपुर :मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन जबलपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक माढ़ोताल बिजली परिसर स्थित फेडरेशन के नए क्षेत्रीय ऑफिस परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक के उपरांत उसी परिसर में एक आमसभा का भी आयोजन किया गया। आमसभा में फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी. पी. पाठक ने संगठन की कार्यप्रणाली, संविदा कर्मियों, आउट सोर्स कर्मचारियों, नियमित कर्मचारियों, कंपनी कैडर कार्मिकों और पेंशनर्स के हित में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन, ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनियों द्वारा सकारात्मक सोच के साथ कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं।
समस्याओं के समाधान पर जोर
राकेश डी. पी. पाठक ने सभी कर्मचारियों से फेडरेशन से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि यह संगठन पूरे प्रदेश में कार्यरत है और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए इसकी पूरी टीम हमेशा तत्पर रहेगी। इसी क्रम में यू. के. पाठक ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि फेडरेशन ने विपरीत परिस्थितियों में भी जुझारूपन से श्रमिकों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और संगठन आज भी मजबूत है। दिनेश दुबे ने फेडरेशन के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान में सभी श्रेणियों के कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी से संगठन से जुड़ने का अनुरोध किया।
संविदा और आउटसोर्स कर्मियों की मांगों पर तत्परता
आमसभा को संबोधित करते हुए उमाशंकर दुबे ने पूरे प्रदेश में फेडरेशन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फेडरेशन संविदा, आउट सोर्स कर्मचारियों एवं सभी श्रेणियों के कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को तत्परता से प्रबंधन व प्रशासन के समक्ष रख रहा है। उमाशंकर दुबे ने घोषणा की कि इस कार्यालय के विधिवत प्रारंभ होने पर वे स्वयं, दिनेश दुबे और मोहित पटेल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु यहाँ उपलब्ध रहेंगे। एच. एम. मंसूरी ने भी अपने विचार रखते हुए सभी से एक साथ मिलकर जबलपुर में फेडरेशन को और अधिक सुदृढ़ और सक्रिय करने की अपील की।
वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
बैठक और आमसभा में उपस्थित सभी जनों का स्वागत मोहित पटेल, अक्षय श्रीवास्तव और योगेश पटेल ने किया। इस अवसर पर महामंत्री राकेश डी. पी. पाठक, यू. के. पाठक, दिनेश दुबे, उमा शंकर दुबे, अनूप वर्मा, एच. एम. मंसूरी, मोहन श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, अजय चौबे, विनय पाठक, मोहित पटेल, अक्षय श्रीवास्तव, मार्कंडे विश्वकर्मा, सुरेंद्र दुबे, भागचंद, तेज केव और नरेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में फेडरेशन के साथी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन अक्षय श्रीवास्तव द्वारा किया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन मोहित पटेल ने किया।

Next Post

आज से शुरू हो सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

Mon May 18 , 2026
जबलपुर : रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से पिछड़ गई है। पहले विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 4 मई से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया जा रहा था। इसके लिए काफी समय से तैयारियां भी चल रही थीं, लेकिन […]

You May Like