
भोपाल। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों के कार्यों के आंकलन और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार से संबंधित कोई विषय विचाराधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी केवल मंत्रियों के कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है।
रविवार देर रात भाजपा की कोर टीम की वर्चुअल बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए खंडेलवाल ने बताया कि पार्टी संगठन आने वाले समय में बैठकों को अधिकाधिक वर्चुअल स्वरूप में आयोजित करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव होगा, बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी और समन्वय बना रहे।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि अभी इस संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई है। वर्तमान में मंत्रिमंडल के सदस्यों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है तथा यह देखा जा रहा है कि मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में संगठन और सरकार के बीच समन्वय किस प्रकार स्थापित कर रहे हैं।
इधर,राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज थीं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद फिलहाल इन अटकलों पर विराम लग जाएगा।
