नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत में पुरुषों के प्रोफेशनल गोल्फ की शीर्ष संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) ने भारत के अंतरराष्ट्रीय स्कूल इकोसिस्टम में गोल्फ को बढ़ावा देने और विकसित करने के उद्देश्य से इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स ऑर्गनाइज़ेशन (आईएसएसओ) के साथ एक महत्वपूर्ण सहयोग समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को गोल्फ से जोड़ना, ज़मीनी स्तर पर भागीदारी बढ़ाना, प्रतिभा की पहचान करना और उन्हें प्रोफेशनल गोल्फ मानकों से परिचित कराते हुए खेल में आगे बढ़ने के सुव्यवस्थित अवसर उपलब्ध कराना है। इस सहयोग के तहत डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई, आईएसएसओ से जुड़े स्कूलों को तकनीकी विशेषज्ञता, प्रमाणित कोच, प्रोफेशनल गोल्फरों का मार्गदर्शन, गोल्फ की बुनियादी बातों और शिष्टाचार पर कार्यशालाएं तथा सुव्यवस्थित जूनियर गोल्फ विकास कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करेगा।
इस साझेदारी पर बोलते हुए इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स ऑर्गनाइज़ेशन (आईएसएसओ) की निदेशक आकांक्षा थापक ने कहा,
“आईएसएसओ में हम भारत के अंतरराष्ट्रीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए उपयुक्त खेल इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गोल्फ एक ऐसा खेल है जो अनुशासन, धैर्य, ईमानदारी और एकाग्रता सिखाता है-ये ऐसे मूल्य हैं जो गोल्फ कोर्स से कहीं आगे तक जीवन में उपयोगी होते हैं। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के साथ इस साझेदारी के माध्यम से हमारा उद्देश्य गोल्फ को युवा विद्यार्थियों के लिए अधिक सुलभ बनाना और उन्हें सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और आगे बढ़ने के लिए सुव्यवस्थित अवसर प्रदान करना है।”
डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा, “भारत में जमीनी स्तर पर गोल्फ इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए आईएसएसओ के साथ साझेदारी कर हमें प्रसन्नता है। खेल को स्कूल स्तर पर शुरू करना दीर्घकालिक विकास और प्रतिभा निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस सहयोग के माध्यम से हम अधिक से अधिक युवा विद्यार्थियों को गोल्फ अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं और उन्हें इस खेल द्वारा प्रदान किए जाने वाले व्यापक अवसरों का लाभ दिलाना चाहते हैं।”
यह एमओयू आईएसएसओ और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत देशभर में दीर्घकालिक खेल संस्कृति का निर्माण, गोल्फ में व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहन और युवा खिलाड़ियों के लिए सार्थक विकास अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
