नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ दालों में भी तेजी देखी गयी। गेहूं और चीनी में टिकाव रहा जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 18 रुपये बढ़कर 3,867 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,787 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटा तीन रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। दाल-दलहनों में मसूर दाल की औसत कीमत 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। तुअर दाल 19 रुपये और उड़द दाल 17 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल भी पांच रुपये ऊपर रहा। चना दाल की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर टिकी रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 24 रिंगिट चढ़कर 4,417 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 73.87 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 58 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वनस्पति पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही टिका रहा। वहीं, पाम ऑयल 80 रुपये और सोया तेल 66 रुपये सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 35 रुपये और सरसों तेल की 29 रुपये गिर गयी। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव पांच रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी की कीमत गत दिवस से स्तर पर ही पड़ी रही।

