नरसिंहगढ़ में धमाकों के साथ केबलों से बरसे अंगारे, दहशत में रहे लोग

नरसिंहगढ़/ब्यावरा। भीषण गर्मी के बीच नगर सहित जिले भर में विद्युत उपकरणों में फाल्ट होने, आग सुलगने की घटनाएं हो रही है. बुधवार की देर रात्रि को नरसिंहगढ़ में अनेक जगह केबल में स्पॉर्किंग होकर आग की चिंगारियां उठने लगी. जोर के धमाके के साथ आवाज आने से लोग दहशत में आ गये.

जानकारी के अनुसार नरसिंहगढ़ नगर में बुधवार की देर रात्रि को बिजली की केबल में हुई स्पॉर्किंग से हडक़ंप सा मच गया. बाराद्वारी, लेन मोहल्ला नगर पालिका कार्यालय के सामने व अन्य कई स्थानों पर अचानक तेज धमाकों के साथ आवाज आई और केबल से चिंगारी गिरने लगी.

दहशत का वातावरण बना

केबल से उछट रही चिंगारियां सडक़ पर अंगारे की तरह गिर रही थी. तेज आवाज के कारण लोग घरों से बाहर निकल आये. इसके चलते करीब एक घंटे तक बिजली सप्लाई ठप्प रही. भीषण गर्मी में बिजली गुल होने के कारण पंखे, कूलर बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

जम्पर में खराबी, केबल में लगी आग

भीषण गर्मी के बीच विद्युत उपकरणों में फाल्ट होने, आग सुलगने की घटनाएं हो रही है. मंगलवार-बुधवार की रात्रि को शहीद कॉलोनी स्थित विद्युत सब स्टेशन पर जम्पर में खराबी आने के चलते नगर में अधिकांशत: स्थानों पर करीब डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही. भीषण गर्मी में इतने समय तक बिजली नहीं रहने से पंखे, कूलर बंद होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. रात्रि करीब 12 बजे गुल हुई बिजली रात्रि लगभग 1.30 बजे आई. इसी प्रकार बुधवार की दोपहर को भंवरगंज स्थित रामलला मार्ग के यहां पोल पर स्थित केबल सुलगने से बिजली सप्लाई बंद रही.

मैंटेनेंस के बावजूद नहीं रुक रहे फाल्ट

विद्युत उपकरणों के रख रखाव को लेकर विद्युत वितरण कम्पनी के द्वारा समय-समय पर मैंटेनेंस कार्य किया जाता है, मैंटेनेंस के दौरान कई घंटे तक विद्युत सप्लाई बंद रखी जाती है. बावजूद इसके आये दिन विद्युत उपकरणों में फाल्ट होने की घटनाएं होती रहती है. बारिश में थोड़ी बहुत हवा चलते ही फाल्ट होकर घंटो तक बिजली सप्लाई ठप्प हो जाती है. अब एक बार फिर बारिश पूर्व प्री-मानूसन मैंटेनेंस का कार्य शुरु होगा किंतु थोड़ी बहुत बारिश, हवा चलते ही बिजली गुल हो जाती है.

Next Post

सतीशन की ताजपोशी नई कांग्रेस का ब्लूप्रिंट: क्षेत्रीय क्षत्रपों के दौर का अंत, जमीनी संघर्ष को तरजीह

Fri May 15 , 2026
प्रवेश कुमार मिश्र नई दिल्ली। केरल विजय के दस दिनों बाद तमाम अटकलों के बीच मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन के नाम का फैसला केवल एक मुख्यमंत्री का चयन नहीं, बल्कि एक नई, व्यवहारिक और आक्रामक कांग्रेस के पुनर्जन्म का ब्लूप्रिंट है. संभवतः इसीलिए यह कहा जा रहा है […]

You May Like

मनोरंजन