प्रगति नगर में 60 फीट रोड निर्माण का शुभारंभ, हर शुक्रवार दो पहिया वाहन से भ्रमण करेंगे महापौर

इंदौर। पुष्यमित्र भार्गव ने पश्चिमी क्षेत्र के प्रगति नगर में 60 फीट चौड़ी नई सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानी विधायक मधु वर्मा एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा बबलू स्थानीय पार्षद प्रशांत बडवे सहित स्थानीय नागरिक नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भाजपा संगठन से जुड़े हुए पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

महापौर मित्र भार्गव ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के यातायात और कॉलोनी के भीतर आवागमन को अधिक सुगम बनाएगी तथा स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा प्रदान करेगी। महापौर ने क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बडवे की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार सक्रिय रहकर अपने वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि इस वार्ड में अब तक लगभग 30 करोड़ रुपये के विकास कार्य संपन्न हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र की आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है।

 

*पश्चिमी क्षेत्र में विकसित हो रहे आकर्षक चौराहे*

 

महापौर ने कहा कि जिस प्रकार पहले विजयनगर क्षेत्र में आधुनिक और सुंदर चौराहों का विकास हुआ, उसी तरह अब पश्चिमी क्षेत्र में भी आकर्षक चौराहे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रगति नगर, राजेंद्र नगर जैसे क्षेत्रों के नागरिकों की जागरूकता और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति संवेदनशीलता ने इंदौर को देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनाया है।

 

*स्वच्छता पर सख्ती, पालतू कुत्तों के मालिकों पर होगी कार्रवाई*

 

महापौर ने बताया कि उन्होंने सुबह जोन क्रमांक 14, 15 और 16 का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। सिरपुर तालाब आने-जाने वाले नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

 

उन्होंने कहा कि शहरवासियों से आग्रह है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखें। यदि पालतू कुत्तों को घुमाने के दौरान गंदगी फैलाई गई तो नगर निगम द्वारा चालानी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट कहा कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है और इसे स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

 

*हर घर सोलर का आह्वान*

 

महापौर ने नागरिकों से अपने घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का आग्रह करते हुए कहा कि कॉलोनियों को “हर घर सोलर” अभियान से जोड़ना चाहिए। इससे बिजली खर्च में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठेगा।

 

*प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित पहल*

 

महापौर ने बताया कि नरेंद्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण संबंधी अपील से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं निर्णय लिया है कि प्रत्येक शुक्रवार को वे नो कार डे को प्रोत्साहित करते हुए केवल दोपहिया वाहन से ही आवागमन करेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी ऐसी छोटी-छोटी पहल अपनाने का आग्रह किया ताकि ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिल सके।

Next Post

कॉलेज चलो अभियान के तहत शासकीय कन्या महाविद्यालय की टीम ने स्कूलों में किया जनसंपर्क

Thu May 14 , 2026
सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय के कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी ने केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 01, क्रमांक 03 एवं क्रमांक 04 केन्द्रीय विद्यालय ढाना जाकर विद्यार्थियों से सम्पर्क किया। समिति प्रभारी डॉ. अंजना चतुर्वेदी के एम.एल.बी. क्रमांक 01 एवं उत्कृष्टता विद्यालय में सम्पर्क किया। […]

You May Like