
शिवपुरी। करेरा अनुविभाग के सलैया गांव में उस समय दहशत फैल गई जब गांव के बीच स्थित हनुमान मंदिर की पहाड़ी पर एक तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए की आमद की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया और लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। ग्रामीणों ने अपने परिवार और पालतू जानवरों की सुरक्षा को देखते हुए 20 से 30 लोगों की टोली बनाकर गांव में निगरानी शुरू कर दी। गांव के जनपद सदस्य बल्लू लोधी ने बताया कि तेंदुए की सूचना पहले ही वन विभाग के रेंजर मीना को दे दी गई थी, लेकिन विभाग के कर्मचारी मौके पर देर से पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के गांव के नजदीक आने से बच्चों और महिलाओं में ज्यादा डर बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से जल्द टीम भेजकर तेंदुए को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
