
सागर। सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगेला मे पारिवारिक विवाद और वैवाहिक संबंधो मे लंबे समय से चल रहे तनाव के कारण पत्नी ने पति की नुकीले पत्थर से हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप मे पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी हेमराज पिता हल्लू गौड़ निवासी ग्राम मंगेला थाना केसली द्वारा थाना उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसका भाई संजय उर्फ संजू गौड़ खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला है। उसके सिर में गंभीर चोट थी तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। परिजनों द्वारा तत्काल उसे उपचार हेतु देवरी अस्पताल ले जाया जा रहा था, किंतु रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना केसली पुलिस द्वारा तत्काल मर्ग कायम कर देहाती नालसी लेखबद्ध की गई तथा बाद जांच धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों एवं गांव के लोगों से विस्तृत जानकारी जुटाई गई। संदेह के विभिन्न बिंदुओं पर लगातार जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी से गहन पूछताछ की।पूछताछ के दौरान उसके कथनों में विरोधाभास पाए जाने पर मनोवैज्ञानिक एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिस पर उसने घटना करना स्वीकार किया। आरोपिया ने बताया कि पारिवारिक विवाद एवं वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से चल रहे तनाव के कारण उसके और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना दिनांक की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आवेश में आकर उसने खेत पर सो रहे अपने पति के सिर पर पास में पड़े नुकीले पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा आरोपिया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर जप्त किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
