
गुना। जिले के आरोन रोड स्थित सेमरी घाटी क्षेत्र में बुधवार सुबह भोपाल से शादी समारोह में शामिल होकर शिवपुरी जिले के लुकवासा लौट रहे रघुवंशी परिवार की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में कार सवार 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना सुबह 6 से 7 बजे के बीच दुहाई मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का अंदेशा है कि अलसुबह ड्राइविंग के दौरान चालक को नींद का झोंका आ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पुलिस वाहन की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 9 साल के बच्चे से लेकर 73 वर्ष के बुजुर्ग तक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इस दुर्घटना में 73 साल के श्रीकृष्ण रघुवंशी, 65 वर्षीय रामवती रघुवंशी, 33 साल के हरिओम, 21 साल की अरुणा और 9 साल की छोटी बच्ची मिक्की रघुवंशी घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेमरी घाटी का यह अंधा मोड़ काफी खतरनाक है। यहां पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं।
