नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) अबेकस म्यूचुअल फंड ने प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) में पांच हजार करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया है।
कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि फंड हाउस के यूनीक निवेशकों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गयी है, जो निवेशकों और वितरण भागीदारों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।
अबेकस म्यूचुअल फंड ने दिसंबर 2025 में अपनी पहली स्कीम बाजार में पेश की थी। फ्लेक्सी कैप फंड कैटेगरी में उसकी पहली इक्विटी पेशकश को न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) के दौरान 2,468 करोड़ रुपये का मजबूत प्रतिसाद मिला था। वर्तमान में वह फ्लेक्सी कैप फंड, स्मॉल कैप फंड और एक लिक्विड फंड सहित कुल तीन स्कीम का प्रबंधन कर रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 08 मई 2026 तक फंड हाउस का कुल एयूएम 5,482 करोड़ रुपये रहा। अबेकस म्यूचुअल फंड के संस्थापक सुनील सिंघानिया और मुख्य कार्यकारी अधिकारी वैभव चुघ ने कहा कि इतने कम समय में 5,000 करोड़ रुपये एयूएम और एक लाख से अधिक यूनीक निवेशकों का आंकड़ा पार करना गर्व और प्रेरणा दोनों का विषय है।
