
ग्वालियर। ग्वालियर में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस का बड़ा अभियान देखने को मिला। शहर और देहात के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चली ताबड़तोड़ “कॉम्बिंग गश्त” के दौरान पुलिस ने 203 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं 286 गुंडे और हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर रहे।एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में पुलिस ने बदमाशों के घरों, होटल-लॉज, ढाबों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की। संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर घूम रहे बाइक सवारों को भी रोका गया। कार्रवाई के दौरान झांसी रोड थाना क्षेत्र में अवैध शराब, पड़ाव में जुआ और महाराजपुरा-बहोड़ापुर में सट्टे के मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
