कोरबा में सड़क हादसे में वृद्धा की मौत, अन्य घटना में युवक की हत्या

कोरबा, 10 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीते 12 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्ध महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।

पहली घटना शनिवार शाम जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग की है, जहां कोयले से भरा तेज रफ्तार का एक ट्रेलर घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में बाइक सवार तीन लोग आ गए। दुर्घटना में 62 वर्षीय बालकुंवर बाई निवासी धनरास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।

बताया गया कि मृतका अपने पोतों के साथ इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर पलट गया और बाइक सवार कोयले के नीचे दब गए। राहगीरों की मदद से एक युवक को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे मौके पर पहुंचे और ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। हादसे के बाद सड़क पर फैले कोयले को पुलिस ने हटवाकर यातायात बहाल कराया।

वहीं दूसरी घटना कोरबा के नवा बरपारा कोहड़िया क्षेत्र की है, जहां आज सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर घसीटने और खून के निशान भी मिले हैं।

मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है, जो मूलतः पामगढ़ सोनसरी का निवासी था और पिछले तीन वर्षों से दुरपा सर्वमंगला बरमपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।

मृतक के दोस्त राकेश पटेल के अनुसार, बसंत शुक्रवार सुबह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आज सुबह हत्या की सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचा। मृतक विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। बताया गया कि वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने दो दिन पहले गांव गया था और हाल ही में कोरबा लौटा था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे अभी गांव में ही हैं।

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

 

Next Post

पूर्व विधायक अश्विन जोशी पंचतत्व में विलीन, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Sun May 10 , 2026
इंदौर: पूर्व विधायक अश्विन जोशी का रविवार को इंदौर में अंतिम संस्कार किया गया। उनका 8 मई को हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। अश्विन जोशी की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं […]

You May Like