दुर्ग, 10 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में सुपेला थाना पुलिस ने सिंप्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई अदालत के निर्देश के बाद की गई।
पुलिस से रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन ने आरोप लगाया है कि ग्राम कोहका स्थित लगभग 0.10 हेक्टेयर भूमि को विवादमुक्त और पूरी तरह “क्लीन” बताकर आरोपियों ने 50 लाख रुपये में सौदा तय किया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक 13 मार्च 2023 को जमीन का एग्रीमेंट किया गया था तथा 10 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए गए थे। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिस जमीन को बेचने का दावा किया गया था, उसके दस्तावेज पहले से ही एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड के पास गिरवी रखे गए थे। आरोप है कि उक्त जमीन के आधार पर करीब 4.5 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जिसकी जानकारी खरीदार से छिपाई गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदे के समय जमीन को पूरी तरह विवादमुक्त बताया गया, जबकि वह पहले से ही लीज और अन्य कानूनी विवादों में उलझी हुई थी। मामले में कई बार शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
अदालत के हस्तक्षेप के बाद सुपेला थाना पुलिस ने संगीता केतन शाह और केतन शाह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपियों की कुछ राजनीतिक हस्तियों के साथ तस्वीरें भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि संगीता केतन शाह वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुकी हैं, जिसके चलते मामला राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया है।
शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली स्थिति के कारण उन्हें लंबे समय तक न्याय के लिए भटकना पड़ा और अदालत के हस्तक्षेप के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
