स्वच्छ भारत मिशन को ठेंगा: सुविधा के बजाय सिरदर्द बना सरई का सार्वजनिक शौचालय

सरई: नगर परिषद सरई के सिविल कोर्ट के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय अब सुविधा नहीं बल्कि सिरदर्द बन चुका है। यहां गंदगी इस कदर पसरी है कि शौचालय कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। चारों ओर फैली सड़ांध और कचरे के ढेर से राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया है। बदबू इतनी तीखी है कि लोग नाक पर कपड़ा रखकर निकलने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक महीनों से इस शौचालय की सफाई नहीं हुई है। पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप है, दरवाजे टूटे पड़े हैं और अंदर गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें मजबूरी में खुले में शौच जाना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल असुविधाजनक है, बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट को भी न्योता दे रही है।

सरकार जहां स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं सरई का यह शौचालय उन दावों की पोल खोल रहा है। स्थानीय निवासी महेश का कहना है कि यहां बीमारी फैलने का खतरा साफ दिख रहा है, लेकिन अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। दुकानदार बसंत ने बताया कि बदबू के कारण ग्राहक दुकान पर रुकना ही नहीं चाहते। सवाल उठता है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने इस शौचालय की यह दुर्दशा आखिर किसकी जिम्मेदारी है?
ठेकेदारी सिस्टम फेल, नगर परिषद पर उठे गंभीर सवाल
नगर परिषद ने सफाई के नाम पर ठेका तो दे दिया, लेकिन जमीनी हकीकत पूरी तरह उलट है। न निगरानी है, न जवाबदेही। यह लापरवाही सीधे-सीधे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई और नियमित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। अब देखना यह है कि नगर परिषद जागती है या हालात और बदतर होने का इंतजार करती है।

Next Post

सिंधिया से मिले पूर्व मंत्री भदौरिया, भाजपा की जीत पर दी बधाई

Sat May 9 , 2026
भिंंड: प्रदेश के पूर्व नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ओपीएस भदौरिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। पूर्व मंत्री भदौरिया ने तीन राज्यों में भाजपा की जीत […]

You May Like