धक्का लगाए बिना नहीं होती है चालू
सतना : स्वतंत्रता दिवस पर चमचमाती डायल 112 वाहनों की सौगात मिलने के बाद माना जाने लगा था कि आमजन की सहायता करने में और अधिक तत्परता आएगी. लेकिन गणतंत्र दिवस आते-आते आलम यह है कि कुछ डायल 112 वाहन स्वयं अपनी ही सहायता को लेकर मोहताज नजर आने लगे हैं.सोमवार की दोपहर लगभग 3 बजे नागौद-उचेहरा मार्ग पर पोड़ी चौकी के निकट पहुंचते ही डायल 112 एफआरवी वाहन अचानक बंद पड़ गया.
वाहन चालक द्वारा बार बार स्टार्ट करने का प्रयास किया जाने लगा. लेकिन इसके बावजूद भी इंजन तक किसी तरह का करेंट नहीं पहुंच पा रहा था. कई बार प्रयास करने के बावजूद भी जब सफलता नहीं मिली तो चालक नीचे उतर गया और बोनट को खोलकर देखने की कोशिश की. पलक झपकते ही उसे खामी समझ में आ गई. लिहाजा पुलिस कर्मियों द्वारा आस पास मौजूद लोगों से सहायता मांगी गई. स्थानीय लोगों की मदद से जब धक्का लगवाना शुरु किया गया तो कुछ देर झटका खाने के बाद वाहन स्टार्ट हो गया.
बताया गया कि नागौद थाना क्षेत्र की डायल 112 एएफआरवी वाहन क्र. एमपी 04 वाई 03128 की बैटरी में पिछले कुछ दिनों से समस्या शुरु हो गई है. इस समस्या की वजह से वाहन की बैटरी उतर जाती है. वाहन में लगे इलेक्ट्रानिक उपकरणों के ओवरलोड के चलते यह समस्या आना बताया गया. जिसके चलते उसे धक्का मारकर स्टार्ट करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता. लेकिन इस घटना को देखकर स्थानीय रहवासियों द्वारा यह कहकर चुटी ली जाने लगी कि जो वाहन स्वयं लोगों की सहायता का मोहताज बना हुआ है, वह भला दूसरों की तत्परता से सहायता कैसे कर पाएगा
