भिंड: भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 61 वर्षीय फूलवती पत्नी भोगीराम बघेल निवासी इकमिली की मौत हो गई, जबकि महिलाएं और बच्चे समेत करीब 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। घटना चौरई-असवार मार्ग पर वीरेंद्र सिंह तोमर की कोठी के पास हुई।
बताया जा रहा है कि इकमिली गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दतिया जिले के सेवढ़ा स्थित सिंध नदी के सनकुआ घाट से कलश यात्रा के लिए जल लेने जा रहे थे। गांव में बघेल समाज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू होना था। कथा से पहले महिलाओं और ग्रामीणों की कलश यात्रा निकाली जानी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर को बृजमोहन चला रहा था। रास्ते में अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। बताया जाता है कि ट्रॉली में करीब 30 से 35 ग्रामीण बैठे हुए थे। पलटते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण राहत अभियान में जुट गए।
