जबलपुर:घमापुर थाना अंतर्गत शुक्ला होटल के पास शराबी पति ने हत्या करने के इरादे से पत्नी पर बकानुमा चाकू से हमला कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक निकिता यादव 26 वर्ष निवासी शुक्ला होटल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पहले पति से तलाक होने के करीब 8 माह बाद, उसने अपने पहचान के राजा वंशकार के साथ मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज से विवाह किया था।
वह राजा के दोनों बच्चे और उसकी एक बच्ची के साथ उसके घर में रहती है। राजा शराब पीने का आदी है। शराब पीकर घर आकर उसके व बच्चों के साथ मारपीट करता है बच्चों के बारे में सोचकर वह शिकायत नहीं करती थी। बीती रात पति राजा आया और खाना मांगने लगा वह बोली कि घर में कुछ खाने के लिये नहीं है, पूरे दिन शराब पीकर यहां वहां घूमते रहते हो कोई काम नही करते हो तब पति राजा ने विवाद करते हुए पूजा स्थल में रखा बका नुमा चाकू उठाया और जान से मारने की नियत से उसे मारा उसने अपने बचाव में अपने दोनों हाथ आगे किये तो उक्त चाकू उसके दाहिने हाथ में मार दिया। जिससे उसे चोटेें आ गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी राजा वंशकार 33 वर्ष को गिरफ्तार कर चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।
