
भिंड। लहार में प्रशासन ने न केवल भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की बल्कि शराब बिक्री के लिए बनाए गए एक अवैध ढाबे को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। एसडीएम विजय सिंह यादव को लंबे समय से लहार नगर में लाइसेंस वाली दुकानों के अलावा अन्य जगहों पर अवैध शराब बिक्री की सूचना मिल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले भी टीम भेजी गई थी, लेकिन सूचना लीक होने के कारण शराब कारोबारी सतर्क हो गए थे और कार्रवाई सफल नहीं हो सकी थी। एसडीएम विजय यादव, तहसीलदार दीपक शुक्ला और राजस्व टीम के साथ अचानक मौके पर पहुंचे। उन्होंने शराब बेचते हुए लोगों को रंगे हाथों पकड़ा।
इसके बाद पुलिस और आबकारी टीम ने मोर्चा संभाला। कार्रवाई में 31 क्वार्टर अंग्रेजी और 74 क्वार्टर देसी शराब जब्त की गई। एसडीएम ने तत्काल नगर पालिका की जेसीबी बुलवाकर अवैध ढाले को ध्वस्त करवा दिया। एसडीएम ने आबकारी विभाग को सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि अगले सात दिनों के भीतर पूरी तहसील में जहां भी अवैध शराब की दुकानें संचालित हैं, उन्हें बंद कराया जाए। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक अजीत यादव, एसआई एम.एल. डोंगर और राजस्व अमला मौजूद रहा।
