शिवपुरी: किसानों को गेहूं का वाजिब समर्थन मूल्य नहीं मिलने और खरीदी में देरी के आरोपों को लेकर चंबल की राजनीति एक बार फिर सड़कों पर आ गई. “सड़क सत्याग्रह” के तहत बुधवार को कांग्रेस ने मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा चक्का जाम किया. शिवपुरी से गुजरने वाले इस अहम हाईवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों दिशाओं में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के दावों के बावजूद किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है, एमएसपी पर खरीदी सुस्त है, उपार्जन सीमित है और छोटे किसान औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर हैं. पार्टी नेतृत्व ने इसे किसानों के सम्मान की लड़ाई बताते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
दोनों तरफ यातायात प्रभावित
शिवपुरी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर कांग्रेसियों ने दोनों ओर से सड़क जाम कर दिया. कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और गेहूं समर्थन मूल्य को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसानों के सम्मान और उनके हक के लिए है, न कि राजनीतिक औपचारिकता के लिए.
