रायपुर, 06 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पश्चिम बंगाल दौरे से लौटने के बाद बुधवार बंगलादेशी घुसपैठ, पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट की।
श्री शर्मा ने बंगलादेश घुसपैठ के विषय में कहा कि देश में अवैध प्रवेश की समस्या मुख्यतः पश्चिम बंगाल के रास्ते सामने आती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया था। अब इस दिशा में ठोस और समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती थी और विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं के साथ छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं ने भी वहां सक्रिय भूमिका निभाई।
पद्मश्री फूलबासन यादव के अपहरण के मामले में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक परिचित महिला के माध्यम से उन्हें वाहन तक ले जाया गया। उसी दौरान उन्हें लेकर वाहन आगे बढ़ा दिया गया। घटना के पीछे के कारणों की जांच जारी है और पुलिस सक्रियता के साथ मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
श्री शाह के 19 मई को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में वाराणसी में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी, और इस बार ऐसी ही अहम बैठक जगदलपुर में आयोजित की जाएगी ।
