हैदराबाद | दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने निर्माता और ‘सुपर गुड फिल्म्स’ के संस्थापक आर.बी. चौधरी का मंगलवार को राजस्थान के उदयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। 76 वर्षीय चौधरी अपनी कार से यात्रा कर रहे थे, तभी जूनथा गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हादसे की भयावहता देखी जा सकती है। चार दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने ‘सूर्यवंशम’ और ‘नट्टमई’ जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्में दीं। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरी तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस दुखद खबर के बाद सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन और चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। रजनीकांत ने उन्हें एक ‘बेहतरीन निर्माता और शानदार इंसान’ बताते हुए उनके परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की। वहीं, कमल हासन ने उन्हें फिल्म जगत का एक ऐसा शिखर बताया जिसने सैकड़ों युवा निर्देशकों और कलाकारों का करियर संवारा। चिरंजीवी ने अपनी फिल्म ‘गॉडफादर’ के दौरान उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। अभिनेता विशाल ने भी इस क्षति को अपूरणीय बताया है।
आर.बी. चौधरी ने न केवल बड़ी बजट की फिल्में बनाईं, बल्कि वे नए प्रयोग करने और नए चेहरों को मौका देने के लिए भी जाने जाते थे। उनका प्रोडक्शन हाउस ‘सुपर गुड फिल्म्स’ भारत के सबसे सफल बैनरों में से एक माना जाता है। उनके बेटे जीवा और जिथन रमेश भी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने नाम हैं। उनका आखिरी प्रोडक्शन ‘मैरीसन’ जुलाई 2025 में रिलीज हुआ था, जिसमें फहद फासिल और वडिवेलु मुख्य भूमिकाओं में थे। उनके निधन को दक्षिण भारतीय फिल्म जगत के एक सुनहरे युग का अंत माना जा रहा है।

