कथित पटवारी ने वर्दी उतरवाने की दी धमकी, थाने में घुस तोड़ा कांच, एफआईआर

जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत व्हीकल मोड में वाहन चेकिंग के दौरान कथित पटवारी ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं और खाकी को रौब दिखाया बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ सरेराह अभद्रता की। वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली। इसके बाद थाने में घुसकर कांच तोड़ दिया । आरोपी ने थाने के अंदर भी जमकर उत्पात मचा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घमापुर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक शशि धुर्वे के नेतृत्व में व्हीकल मोड़ पर चालानी कार्रवाई की जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एससी 1139 पर सवार चालक बिना हेलमेट के आता दिखा। जब टीम ने उसे रोका, तो चालक भडक़ गया। उसने अपना नाम संजुलाल पिता नंदलाल बताया और खुद को मंडला में पदस्थ पटवारी बताते हुए रौब झाडऩे लगा।

आरक्षक का चश्मा तोड़ा

मौके पर मौजूद स्टाफ ने जब नियम का हवाला दिया, तो कथित पटवारी संजुलाल बहस करने पर उतारू हो गया। उसने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रविरंजन की जेब से चश्मा निकालकर तोड़ दिया और सरेआम पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। सडक़ पर तमाशा बढ़ता देख यातायात प्रभारी ने स्थिति को संभाला और उसे शासकीय वाहन से थाने ले जाया गया।

थाने के गेट पर दे मारा हाथ, हुआ घायल

आरोपी का आक्रोश थाने पहुँचकर और बढ़ गया। जैसे ही उसे थाने के भीतर ले जाया जा रहा था, उसने मुख्य द्वार पर लगे कांच के दरवाजे पर पूरी ताकत से हाथ मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दरवाजे का कांच चकनाचूर होकर पूरे परिसर में बिखर गया। इस हरकत में आरोपी के हाथ में चोट आ गई। गनीमत रही कि कांच के टुकड़ों से वहां मौजूद स्टाफ को गंभीर चोट नहीं आई।

शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज

यातायात पुलिस की सूचना पर घमापुर पुलिस ने आरोपी संजुलाल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को कुचला, एक युवक की मौत, दूसरा घायल

Wed May 6 , 2026
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत जोधपुर पड़ाव के पास चरगवां मोड़ के समीप रात्रि एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के […]

You May Like

मनोरंजन