
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र स्थित एक शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बीती शाम एक अज्ञात युवक स्कूल परिसर में घुस गया और टॉयलेट का ताला तोड़कर कमोड, बेसिन सहित अन्य सामान को पत्थर से तोड़ दिया।
घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। स्कूल के प्राचार्य उमाशंकर अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के चलते स्कूल का समय सुबह से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है, जिसके बाद स्कूल बंद हो जाता है। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
प्राचार्य के अनुसार, इससे पहले भी स्कूल में नल और अन्य सामान तोड़े जाने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। हालांकि कैमरा टॉयलेट के बाहर तक ही रिकॉर्ड करता है, लेकिन आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
