खंडवा : खंडवा तहसील के जावर सर्किल के ग्राम भकराडा में रविवार को मुरम के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया जांच के लिए मौके पर पहुंचे । उन्होंने भकराडा की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों को उत्खनन करते हुए पाया जो कि पास के मुर्गी केंद्र पर मुरम ले जा रहे थे। मौके पर 1 जेसीबी और 4 ट्रैक्टर पाए गए। पटवारी को देखकर सभी ने भागने का प्रयास किया।
पटवारी श्री फुलेरिया द्वारा रोके जाने पर ट्रैक्टर चालक कुंदन पिता गजेंद्र राजपूत निवासी भकराडा ने पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और सभी ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर सहित भाग गए लेकिन जेसीबी गड्ढे में फंसने के कारण निकल नहीं पाई। जेसीबी मशीन के ड्राइवर सावन पिता राजू भिलाला निवासी बांगरदा और एक अन्य ट्रैक्टर के ड्राइवर मुकेश सोलंकी निवासी बिजोरा भील थे।
खंडवा के तहसीलदार श्री महेश सोलंकी ने बताया कि मौके से जेसीबी मशीन को जब्त कर थाना जावर की अभिरक्षा में सौंपा दिया गया है । अनावेदकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) की धारा 221, 132 110, 303(2) व 3(5) के तहत तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 एवं 4 के तहत थाना जावर में एफ आई आर दर्ज की गई है। अन्य कार्यवाही की जा रही है।
