प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की दक्षता बढ़ाने के लिए बीएचईएल की नई पहल

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) भोपाल में आधिकारिक कार्यों में हिंदी के उपयोग को सुदृढ़ करने और कर्मचारियों की भाषाई दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से पांच दिवसीय व्यापक अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो से आए सहायक निदेशक मोहन चंद्र बहुगुणा और गौतम शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी सुरेखा बंछोर और पूनम साहू उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में सिंह ने कहा कि ‘क’ श्रेणी क्षेत्र में आने के कारण सभी आधिकारिक कार्य हिंदी में किए जाने चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करने तथा कार्यस्थल पर अनुशासन और समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी।

बहुगुणा ने वैश्वीकरण के दौर में भाषाओं के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुवाद को प्रशासनिक कार्यों में संवाद और दक्षता बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण कला बताया। वहीं, शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्लांट स्तर पर अनुवाद संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायक होंगे।

पूनम साहू ने कहा कि अनुवाद के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण होता है और विभिन्न भाषाओं के बीच बेहतर समझ एवं संवाद स्थापित किया जा सकता है।

Next Post

खाद्य सुरक्षा विभाग और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, जब्त की कोल्ड ड्रिंक्स

Mon May 4 , 2026
जबलपुर। स्टेशन और ट्रेनों में गुणवत्ताहीन सामग्री बेचे जाने की शिकायतें मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान अन्ना मोहल्ला में स्टेशन में खाद्य सामग्री बेचने वालों के किचन जहां बने हुए हैं, वहां टीम पहुंची तो हड़कंप मच गया। […]

You May Like