भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 5 शावकों की आमद पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान से एक और प्रसन्नता देने वाला समाचार मिला है। कूनो उद्यान में चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है। ये जन्म भारत की धरती पर चीतों के दसवें सफल प्रजनन का प्रतीक हैं। ये चीता परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चीता ज्वाला के पांच शावकों के जन्म के साथ ही, भारत में चीतों की कुल संख्या 50 का आंकड़ा पार कर 53 हो गई है। चीता पुनर्स्थापन के कार्य वन्यजीव संरक्षण, प्रकृति और पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध हुए हैं। मध्यप्रदेश की चीतों के लिए “अनुकूल घर” के रूप में विशेष पहचान बनी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए निश्चित ही यह एक गौरवपूर्ण क्षण है। भारत में चीतों की बेहतर देखरेख और उनके पुनर्वास के प्रयासों की सफलता के लिए कूनो राष्ट्रीय उद्यान और वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
