नई दिल्ली 4 मई (वार्ता) कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कर्नाटक के बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत पर खुशी जताई है।
श्री सुरजेवाला ने बयान जारी कर कहा कि यह जीत कर्नाटक के लोगों के विश्वास और कांग्रेस की नीतियों की जीत है। श्री सुरजेवाला ने कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “कर्नाटक के भाइयों और बहनों का धन्यवाद। कांग्रेस ने दोनों विधानसभा उपचुनाव बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण में निर्णायक जीत हासिल कर बीजेपी को पराजित किया है।”
उन्होंने इस जीत को “कन्नड़ स्वाभिमान की जीत”, “हर कन्नड़िगा की जीत”, “कांग्रेस गारंटियों की जीत” और “कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत” बताया। श्री सुरजेवाला ने पार्टी नेतृत्व को श्रेय देते हुए कहा कि यह सफलता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जून खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार सहित सभी नेताओं, मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने बागलकोट से उमेश मेटी और दावणगेरे दक्षिण से समर्थ शामनूर की जीत को भी जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। श्री सुरजेवाला ने कहा कि यह परिणाम साफ दर्शाता है कि कर्नाटक की जनता कांग्रेस की नीतियों और वादों पर भरोसा करती है।

