
छतरपुर। जिले के बिजावर थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में जमीन विवाद के चलते मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार, 4 मई को दोपहर करीब 1 बजे मोतीलाल अहिरवार अपनी घायल मां को स्ट्रेचर पर लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुँचा। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।
मोतीलाल ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने जमीन विवाद के चलते उनके घर में घुसकर उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना में उसकी मां को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे स्ट्रेचर पर लाना पड़ा। पीड़ित ने बताया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए वह सीधे एसपी ऑफिस पहुंचा है।
एसपी कार्यालय में मोतीलाल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शिकायत लेकर जांच का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
