शिवपुरी: शिवपुरी में आई तेज आंधी जानलेवा बन गई। पोलो ग्राउंड की दीवार गिरने से रन्नौद निवासी गिरजेश चंद्र आचार्य की मौत हो गई। आंधी में एक ऑटो चालक की भी जान चली गई।गिरजेश चंद्र आचार्य अपना उपचार कराने शिवपुरी पहुंचे हुए थे, तभी आई तेज आंधी के दौरान पोलो ग्राउंड की दीवार गिरने से उनकी मृत्यु हो गई। आंधी के दौरान पोलो ग्राउंड की दीवार अचानक गिर गई जिसके नीचे तीन लोग दब गए थे। इनमें खुड़ा बस्ती निवासी बृजेंद्र उर्फ गोलू, गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक शामिल थे।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गिरजेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इसी आंधी के दौरान नवग्रह मंदिर के पास थीम रोड पर एक अन्य हादसे में पुरानी शिवपुरी निवासी 50 वर्षीय ऑटो चालक रहीस खान की भी मौत हो गई है।
वह आंधी से बचने के लिए रुके थे, तभी होर्डिंग और ईंट-पत्थर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।तेज आंधी के चलते जिले भर में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। कई जगह पेड़, होर्डिंग और हाईमास्ट पोल गिर गए, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। प्रशासन द्वारा आंधी के बाद राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया गया है।
