जबलपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर निगम जबलपुर द्वारा शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए चौतरफा प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम की इन पहलों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है, जहां एक ओर नेकी की दीवार के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद हो रही है, वहीं दूसरी ओर स्क्रीन ऑफ-ग्राउंड ऑन थीम से बच्चों को डिजिटल दुनिया से बाहर निकालकर उद्यानों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। नगर निगम की नेकी की दीवार पहल को शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
रविवार को संभाग क्रमांक 5,14 और संभाग क्रमांक 15 में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। संभाग क्रमांक 15 में एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी की उपस्थिति में आरआरआर सेंटर पर एकत्रित कपड़ों का वितरण किया गया। नए और उपयोगी वस्त्र पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान कार्यपालन यंत्री, संभागीय अधिकारी और स्वास्थ्य टीम उपस्थित रही। इसी प्रकारसंभाग क्रमांक 5 में एमआईसी सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू और अपर आयुक्त व्ही एन वाजपेयी की उपस्थिति में नागरिकों को अनुपयोगी सामान और कपड़े नेकी की दीवार पर दान करने हेतु प्रेरित किया गया।
उद्यानों में गूंज रही किलकारियां
बच्चों को टेलीविजन और मोबाइल की लत से दूर करने के लिए नगर निगम ने मुहिम शुरू की है। इसी क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन में विभिन्न खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद कमलेश अग्रवाल, अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी, उद्यान ए ई दीप्ति भनारिया और आईईसी की टीम उपस्थित रही। शहर के गार्डन अब अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो गए हैं, जिससे अभिभावक भी बच्चों को बाहर भेजने में रुचि दिखा रहे हैं।
बैकलेन का कायाकल्प, गंदगी की जगह अब खेल और सैर
नगर निगम की सबसे बड़ी उपलब्धि उन बैकलेन (गलियों के पीछे का हिस्सा) का सुधार है, जो कभी गंदगी और कचरे का अड्डा हुआ करती थीं। व्यवस्थित सफाई और सुंदरीकरण के बाद, अब ये गलियां स्थानीय निवासियों के लिए टहलने और बच्चों के खेलने का उत्तम स्थान बन गई हैं। इन सभी स्वच्छता गतिविधियों में नगर निगम के अधिकारियों जिसमें कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, संभागीय अधिकारी अनुपम शुक्ला,सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अनंत दुबे,सहित सीएसआई, एसआई के.एल. अहिरवार, सत्येंद्र चक्रवर्ती और पूरी स्वच्छता टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है। शहर के नागरिकों ने नगर निगम की इस सकारात्मक कार्यप्रणाली की खुले दिल से सराहना की है, जिससे स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में जबलपुर की रैंकिंग में सुधार की प्रबल संभावनाएं दिख रही हैं।
