
जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने एक युवक का मोबाइल हैक कर और दूसरे को डरा-धमकाकर हजारों रुपयों की चपत लगा दी। पुलिस ने दोनों पीडि़तों की शिकायत पर मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ग्रीनसिटी निवासी आशीष भट्ट (32) ने शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12:57 बजे वह अपने मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से मणिपुरम गोल्ड लोन ऐप में 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर रहे थे। ट्रांजैक्शन के दौरान रुपए ट्रांसफर नहीं हुए और अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया। महज 5 से 10 मिनट बाद जब आशीष ने अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। खाते से 50 हजार रुपए कट चुके थे। दूसरा मामला करमेता निवासी राहुल सिंह धुर्वे (26) के साथ घटित हुआ। राहुल ने पुलिस को बताया कि दोपहर 2:54 बजे उनके खाते से पंकज चौधरी पिता विनोद चौधरी के नाम पर 50 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए। इसके बाद उसी दिन दोपहर 3:48 बजे राहुल के फोन-पे पर उसी पंकज चौधरी के नाम से 34 हजार रुपए वापस भी आ गए। राहुल का आरोप है कि किसी अज्ञात ने उन्हें ऑनलाइन डराने और शारीरिक चोट पहुंचाने की धमकी देकर डराया और कुल 70 हजार रुपए हड़प लिए।
