इंदौर:गांधी नगर थाना क्षेत्र के पालाखेड़ी में रहने वाले एक शख्स ने अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी पति ने पत्नी को लोहे या लकड़ी के बजाय पानी भरने वाले पाइप से शरीर के हर हिस्से पर वार कर लहूलुहान कर दिया।पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता निवासी पालाखेड़ी ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और शादी से पहले के संबंधों को लेकर पूछताछ करने लगा। उसने पत्नी पर आरोप लगाया कि वह शादी से पहले कई लोगों से बातचीत करती थी।जब महिला ने इन आरोपों को गलत बताया और कहा कि वह किसी से बात नहीं करती थी, तो पति आगबबूला हो गया। उसने पहले तो अश्लील गालियां दीं और जब पत्नी ने गाली देने से मना किया, तो उसने पास पड़ा पानी भरने वाला प्लास्टिक का पाइप उठा लिया।
आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पत्नी के सिर और चेहरे पर वार किए,पीठ और पेट पर बेरहमी से मारा और दोनों हाथों, पैरों और होंठ पर चोट पहुंचाई।गंभीर रूप से घायल महिला ने गांधी नगर थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है
